रायपुर।छत्तीसगढ़ में अब गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़कर 42 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, 14 अप्रैल के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव चलने के हालात बन सकते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभागों में देखने को मिल सकता है, जहां दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनेंगी। मौसम साफ होने के चलते सूरज की तपिश अब ज्यादा महसूस की जा रही है, भले ही तापमान अभी सामान्य से थोड़ा कम हो, लेकिन लगातार बढ़त चिंता का संकेत दे रही है।
मौसम की वर्तमान स्थिति पर नजर डालें तो दक्षिण छत्तीसगढ़ से लेकर विदर्भ, मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु तक एक उत्तर-दक्षिण दिशा में फैला चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। यह प्रणाली सीधे तौर पर बारिश नहीं ला रही, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव और गर्मी बढ़ाने में इसकी भूमिका मानी जा रही है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत बताई गई है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के साथ ही गर्मी का प्रभाव और तीव्र हो सकता है।अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें





