मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.6 डिग्री ज्यादा है। माना और दुर्ग को छोड़ दिया जाए तो प्रदेश के किसी भी मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान बेहद नीचे नहीं गया। दिन के तापमान की बात करें तो राज्य में हल्की गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। अधिकतर जिलों में पारा 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। धूप तेज होने के कारण दिन में सर्दी का प्रभाव लगभग खत्म होता नजर आया।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण आने वाले दो से तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि मामूली उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। अगले दो दिनों में अधिकतम दो डिग्री तक गिरावट संभव है, लेकिन इसके बाद तापमान फिर से तीन डिग्री तक बढ़ सकता है। आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। सुबह और देर रात हल्की ठंड का एहसास बना रह सकता है, लेकिन कड़ाके की ठंड लौटने के आसार फिलहाल नहीं हैं।
राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। दिन में धूप निकलने से मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर पश्चिमी विक्षोभ के असर से छत्तीसगढ़ में ठंड धीरे-धीरे विदा लेती नजर आ रही है और मौसम अब वसंत की ओर बढ़ रहा है।






