

कोंडागांव/बोरगांव । बढ़ती गर्मी व तपिश से लोगों को बुधवार को राहत मिली। पिछले दो दिनों से क्षेत्र के लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल लग रहे थे। सुबह से लेकर दोपहर तक लोग भीषण गर्मी का अनुभव कर रहे थे। बारिश के बाद लोगों को राहत मिली। बुधवार को सुबह से आसमान बादलों ने डेरा डाल लिया, साथ ही दिन भर रुक रुककर धूप देखने को मिल रहा था लेकिन, उमस भरी गर्मी आमजन के पसीने छुड़ाती रही। शाम होते ही तेज हवा के साथ झमाझम बारिश होना शुरू हो गई, जिसके बाद उमस भरी गर्मी से बेहाल हो रहे लोगों को राहत मिल गई। मौसम सुहाना हो गया और लोग घरों के बाहर गली-मोहल्लों की सड़कों पर व घरों की बालकोनी पर मौसम का आनंद लेते दिखाई देने लगे। वहीं देर शाम तक आसमान पर बादल छाए रहे, इस वजह से रात को फिर एक बार बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है। तापमान में हो रहा उतार-चढ़ाव से बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं बारिश से किसानों को काफी राहत पहुंची है। जिससे किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
बता दें कि बारिश से किसानों को खेतों में बुबाई में बड़ी मदद मिलेगी। किसानों ने बताया कि इन दिनों धान फसल की खर्री बुवाई चल रही है। बुधवार को हुई बारिश किसानों के लिए टॉनिक का काम करेगी। कई किसान द्वारा इस समय धान की पौध तैयार की जा रही है, बारिश पड़ने से पौधों को काफी फायदा मिलेगा।






