पाटन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन में आज साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिवार कल्याण एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव ग्लैड तथा टीबी मुक्त भारत कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव ने विकासखंड पाटन के सेक्टर सुपरवाइजरों की सेक्टरवार समीक्षा की।

बैठक में डॉ. संजीव ग्लैड ने परिवार कल्याण कार्यक्रम, आयुष्मान वय वंदना कार्ड तथा सभी अधिकारी-कर्मचारियों की आधार आधारित उपस्थिति सुनिश्चित करने सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव (डीटीओ) ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अभियान से संबंधित कार्यों एवं पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही 30 नवंबर 2026 तक सभी एंट्री पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन के बीएमओ डॉ. बी. कठौतिया, बीएल वर्मा, बीईटीओ पाटन, पूनम साहू, बीपीएम पाटन सहित विकासखंड पाटन के समस्त सेक्टर सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर मैदानी स्तर पर उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।






