वेस्टइंडीज की पहली पारी 248 रन पर सिमटी, भारत को 270 रन की बढ़त, कुलदीप को 5 विकेट

Ind vs wi test cricket

वेस्टइंडीज की पहली पारी 248 रन पर सिमट गई। भारत ने अपनी पहली पारी में 518/5 रन बनाए थे और पारी घोषित की थी। इस लिहाज से भारत को 270 रन रन की बढ़त हासिल है। वेस्टइंडीज की टीम फॉलऑन नहीं बचा सकी। उसे फॉलोऑन बचाने के लिए 319 रन बनाने थे, लेकिन टीम 71 रन पहले ही आउट हो गई। अब भारत ने वेस्टइंडीज को फॉलोऑन खिलाने का फैसला किया है। यानी वेस्टइंडीज की टीम फिर से बल्लेबाजी करेगी। 

वेस्टइंडीज की टीम  ने आज चार विकेट पर 140 रन से आगे खेलना शुरू किया और 108 रन बनाने में बाकी के छह विकेट गंवा दिए। कुलदीप यादव ने घातक गेंदबाजी की और पांच विकेट झटके। यह उनके टेस्ट करियर का पांचवां फाइव विकेट हॉल रहा। 

आज के शुरुआती तीन झटके कुलदीप ने ही दिए। उन्होंने शाई होप (36), तेविन इमलाक (21) और जस्टिन ग्रीव्स (17) को पवेलियन भेजा। इसके बाद सिराज ने जोमेल वारिकन को क्लीन बोल्ड किया। वारिकन एक रन बना सके। इसके बाद बुमराह ने खेरी पियरे को बोल्ड  किया। पियरे 23 रन बना सके। आखिर में कुलदीप ने जेडन सील्स (13) को एल्बीडब्ल्यू कर वेस्टइंडीज की पारी 81.5 ओवर में 248 रन पर समेट दिया।

एंडरसन फिलिप 24 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले जॉन कैंपबेल 10 रन, तेजनारायण चंद्रपॉल 34 रन और एलिक एथनाजे 41 रन बनाकर आउट हुए थे। कप्तान रोस्टन चेज खाता नहीं खोल सके थे। भारत की ओर से कुलदीप के अलावा रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट झटके, जबकि बुमराह और सिराज को एक-एक विकेट मिला।