पाटन।।। विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए कांप्लेक्स की उपयोगिता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। पाटन क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में लगभग 8.96 लाख रुपये की लागत से निर्मित व्यावसायिक परिसर पिछले तीन वर्षों से बंद पड़ा हुआ है। उपयोग के अभाव में यह भवन अब धीरे-धीरे जर्जर होता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इस व्यावसायिक परिसर का निर्माण पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ राज्य प्राधिकरण के माध्यम से कराया गया था। कांप्लेक्स का निर्माण कार्य 05 जनवरी 2023 को पूर्ण हो चुका था। निर्माण के समय ग्रामीणों को उम्मीद थी कि इस परिसर के शुरू होने से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, छोटे व्यापारियों को दुकानें उपलब्ध होंगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद से ही यह परिसर उपयोग के इंतजार में बंद पड़ा है। खंडहर होते नजर आ रही है।
ग्राम खम्हरिया मोड़ के पास स्थित इस कांप्लेक्स की स्थिति अब खराब होती जा रही है। परिसर के आसपास लगाई गई टाइलें उखड़ने लगी हैं, जबकि कई स्थानों पर दीवारों में दरारें भी दिखाई देने लगी हैं। रखरखाव के अभाव में लाखों रुपये की लागत से तैयार यह कांप्लेक्स अपनी उपयोगिता खोता नजर आ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण के बाद समय पर परिसर का संचालन शुरू कर दिया जाता, तो इसका सीधा लाभ क्षेत्र के लोगों को मिलता। स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते और छोटे व्यापारियों को व्यवसाय के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होता। लेकिन जिम्मेदार विभागों की उदासीनता के कारण यह कांप्लेक्स आज केवल एक शोपीस बनकर रह गया है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए इस व्यावसायिक परिसर का संचालन अब तक क्यों शुरू नहीं किया गया। निर्माण के बाद इसकी जिम्मेदारी किस विभाग की है और इसके उपयोग को लेकर कोई योजना क्यों नहीं बनाई गई। लोगों का आरोप है कि सरकारी धन से बने इस कांप्लेक्स की अनदेखी कर जनता के पैसों का नुकसान किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा व्यावसायिक परिसर को शीघ्र शुरू कर स्थानीय लोगों के हित में उपयोग में लाया जाए, ताकि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस कांप्लेक्स का उद्देश्य पूरा हो सके। और ग्रामीणों को लाभ मिल सके ,

वर्षण।।।
सरपंच का कहना है मैं जनपद पचायत में चार बार आवेदन दे चुका हु लेकिन पंचायत से आबंटन नही होना है ये जनपद से होगा ऐसी बोला कर रखा गया है 3 शाल से खंडाहा पड़ हुआ है।
सरपंच ग्राम खामहरिया डोने साहू
वर्षण ।।
इसके बारे में मुझे अभी जानकारी नहीं है, मैं नया आया हु जानकारी लेकर करवाही करूंगा
महेंद्र कुमार जांगडे
सी ई ओ जनपद पंचायत पाटन।






