सीजी मितान डेस्क।आज कर्नाटक के लिए ऐतिहासिक दिन है। सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। 10 मई को सूबे की 224 विधानसभा सीटों पर 72.82 फीसदी लोगों ने वोट डाले थे। इस बार चुनाव में कुल 2,615 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है।
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की मतगणना की तैयारियां पूरी हो गई हैं। सुबह आठ बजे वोटों की काउंटिंग शुरू होगी। पहले डाक मत-पत्रों को गिना जाएगा। इसके बाद ईवीएम मतों की गिनती होगी। वहीं गिनती शुरू होने के कुछ मिनट बाद शुरुआती रुझान आने शुरू हो जाएंगे।

पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा के परिवार के इन सदस्यों की किस्मत दांव पर
पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस प्रमुख एचडी देवेगौड़ा के परिवार के अधिकांश सदस्य राजनीति में है। उनके बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी चन्नापाटन सीट से चुनाव मैदान में थे। कुमारस्वामी के बेटे निखिल को रामनगर सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया। देवेगौड़ा के दूसरे बेटे और कुमारस्वामी के बड़े भाई एचडी रेवन्ना होलेनरसीपुरा सीट से चुनाव लड़ा। रेवन्ना फिलहाल होलेनरसीपुरा सीट से ही विधायक हैं। जीटी देवेगौड़ा चामुंडेश्वरी सीट से पार्टी के उम्मीदवार बनाए गए, जबकि उनके बेटे हरीश गौड़ा को हुनसूर से चुनाव लड़ा।
कर्नाटक चुनाव परिणामों से पहले पार्टी की बैठक के बाद कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि हम सिर्फ अपना काम कर रहे हैं। परिणामों की प्रतीक्षा करें।
कायम रहेगी BJP की सत्ता या कांग्रेस मारेगी बाजी, नतीजे आज
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे शनिवार को आ जाएंगे। राज्य के 36 केंद्रों पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। राज्य में 224 विधानसभा सीटें हैं। बहुमत के लिए 113 सीटें हासिल करनी होंगी। एग्जिट पोल में कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने की संभावना जताई गई है। राज्य के शीर्ष नेताओं मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, कांग्रेस के सिद्धरमैया, डीके शिवकुमार व जद (एस) के एचडी कुमारस्वामी सहित कई अन्य नेताओं की चुनावी किस्मत का फैसला होना है।