जिला पंचायत दुर्ग का कौन बनेगा अध्यक्ष, फैसला 4 मई को, शालिनी की जगह पूरा करने पुष्पा यादव को कांग्रेस बना सकती है प्रत्याशी, भाजपाई भी आजमाएंगे किस्मत, कांग्रेस सदस्यो का है बहुमत


दुर्ग।जिला पंचायत दुर्ग के नए अध्यक्ष का चुनाव 4 मई को होगा ।अध्यक्ष का निर्वाचन करने के लिए सम्मिलन की सूचना कलेक्टर ने सदस्यों को जारी कर दी है। जिला पंचायत दुर्ग के अध्यक्ष का पद ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित है।
गौरतलब है कि जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव का कुछ दिनों पूर्व आकस्मिक  निधन हो गया। इसके बाद से दुर्ग जिला पंचायत अध्यक्ष का पद रिक्त है। अध्यक्ष निर्वाचन के लिए सम्मिलन की तारीख तय हो जाने के बाद अब लोग अगला जिला पंचायत अध्यक्ष का ताज किसको मिल सकता है, इस बात को लेकर कयास लगाने लगे हैं।जिले में कुल 12 जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र है। इनमें से स्व. शालिनी यादव क्षेत्र क्रमांक 6 से सदस्य निर्वाचित हुई थी।

जिन्हें विभिन्न समाजों का प्रतिनिधित्व बनाए रखने की रणनीति के लिहाज से कांग्रेस पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए अवसर प्रदान किया था। अभी जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 6 रिक्त है। उक्त क्षेत्र से सदस्य का निर्वाचन के पहले अध्यक्ष का चुनाव होना है। ऐसी स्थिति में वर्तमान में 11 सदस्य मिलकर नए अध्यक्ष चुनेंगे। इनमें से 7 कांग्रेस एवं 4 भाजपा समर्थित माने जाते हैं। इससे किसी प्रकार का उलटफेर नहीं हुआ तो कांग्रेसी सदस्य का ही अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। वर्तमान 11 सदस्यों में ओबीसी महिला वर्ग से चार सदस्य माया बेलचंदन, पुष्पा यादव, योगिता चंद्राकर एवं हर्षा लोकमणि चंद्राकर है। इनमें पुष्पा यादव कांग्रेस से है। वर्तमान स्थिति में इन्हीं का अध्यक्ष बनने बनने  की संभावना है।