पाटन। नगर पंचायत पाटन में विधवा पेंशन नहीं मिलने से हितग्राहियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड क्रमांक 06 की विधवा पेंशन हितग्राहियों को जुलाई माह से पेंशन की राशि नहीं मिलने की समस्या को लेकर पार्षद प्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता सरजू साहू ने नगर पंचायत पाटन के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) हेमंत वर्मा से मुलाकात की।

इस दौरान सरजू साहू ने सीएमओ को पेंशन हितग्राहियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि विधवा पेंशन जरूरतमंद महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा है। लंबे समय से पेंशन की राशि नहीं मिलने के कारण उन्हें रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सीएमओ से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पेंशन भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए, ताकि हितग्राहियों को राहत मिल सके। साथ ही जुलाई माह से लंबित पेंशन की राशि जल्द से जल्द जारी करने का अनुरोध किया।







