पत्नी का आरोप, नक्सलियों से मरवाने की धमकी दी पुलिस जवान पर दहेज प्रताड़ना का आरोप, महिला थाने में केस दर्ज


भिलाईगर । राजनांदगांव जिले में पदस्थ सहायक आरक्षक पर उसकी पत्नी ने दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज करायी है। पत्नी का आरोप है कि उसने शादीशुदा होने की बात छिपाकर महिला से शादी की। उसके बाद दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगा। जब महिला ने पुलिस में शिकायत की तो वह उसे नक्सलियों से मरवा देने की धमकी दे रहा है। महिला थाना भिलाई में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

महिला थाना में लक्ष्मी कचलामे ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी शादी 29 जून 2020 को सामाजिक रीति रिवाज से छबिलाल कचलामे से हुई थी। शादी में उसके पिता ने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज भी दिया था शादी के कुछ दिन तक वह पति के साथ किराये के मकान पर रही थी। उसके बाद अगस्त 2020 से मानपुर पुलिस क्वार्टर में रहने लगी थी। वहां छविलाल उसकी सास और जेठ दहेज न लाने की बात को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि छविलाल उसे मारता पीटता भी था। इसी दौरान लक्ष्मी गर्भवती हो गई, लेकिन उसके साथ प्रताड़ना कम नहीं हुई। उसने यह बात अपने माता पिता को बताई। इस पर माता पिता ने ससुरालियों को समझाया। जब वह माने तो वो लोग उसे लेकर भिलाई आ गए। इसके बाद छविलाल अपने सास ससुर पर 2 लाख रुपए देने के लिए दबाव बनाने लगा नहीं देने पर वह ससुराल जाकर हथखोज में भी उनके साथ मारपीट किया। इसके बाद मजबूर होकर महिला थाने में शिकायत करनी पड़ी। लक्ष्मी का आरोप है कि छविलाल की पहले से दो शादी हो चुकी थीं और उनका मामला भी कोर्ट में चल रहा है। बिना तलाक लिए उसने शादी की बात छिपाते हुए लक्ष्मी के साथ तीसरी शादी की है। मार्च 2022 में जब लक्ष्मी ने उसका विवाह प्रमाण पत्र देखा तो उसे इसकी जानकारी हुई। लक्ष्मी ने बताया कि वह पति की प्रताड़ना से तंग आकर 10 अप्रैल 2022 से अपने मायके बोरसी में रह रही है। 16 अक्टूबर को भी वह बोरसी आया था उसने सभी के साथ जमकर मारपीट की और जान से मरवा देने की धमकी दी। उसने कहा कि वह एक सहायक आरक्षक है। उसकी बहुत सारे नक्सलियों से पहचान है।