अभिषेक होंगे बाहर? क्या कुलदीप को मिलेगा मौका; प्लेइंग-11 में बदलाव की कितनी संभावना

T 20 world cup 2026

गत चैंपियन भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने से एक कदम दूर है। भारत के सामने एक बार फिर सेमीफाइनल में इंग्लैंड की चुनौती होगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 2022 और 2024 में सेमीफाइनल की टक्कर हो चुकी है। भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता फिलहाल अभिषेक शर्मा का रन नहीं बना पाना है। फॉर्म में नहीं होने के बावजूद अभिषेक को लगातार मौके मिले हैं, लेकिन क्या उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ मौका मिलेगा ये देखना दिलचस्प होगा।

एक खिलाड़ी पर निर्भरता पड़ेगी भारी
टूर्नामेंट की शुरुआत में प्रबल दावेदार मानी जा रही भारतीय टीम प्रतियोगिता में मजबूत टीमों के खिलाफ एक भी मैच में शानदार प्रदर्शन नहीं कर पाई। भले ही उसने ग्रुप चरण के अपने सभी मैच जीते, लेकिन सुपर आठ में दक्षिण अफ्रीका से मिली करारी हार से उसकी कमजोरियां भी सामने आ गई। इसके बाद हालांकि भारतीय टीम ने लचीला दृष्टिकोण अपनाया जिससे वह सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही। भारत के लिए अब तक एक या दो खिलाड़ी ही मैच जिता रहे हैं, लेकिन सेमीफाइनल की बाधा पार करनी है तो टीम के एक यूनिट के रूप में प्रदर्शन करना होगा। भारत के लिए पिछले दो मैचों से रिंकू सिंह को प्लेइंग-11 में मौका नहीं मिला है। पिता के निधन के बाद भी रिंकू टीम से जुड़ गए थे, ऐसे में यह देखना होगा कि किस तरह रिंकू के लिए प्लेइंग-11 में जगह बना सकती है।

विजयी संयोजन में बदलाव का जोखिम उठाएगा भारत?
आमतौर पर भारत विजयी संयोजन में बदलाव नहीं करता है, लेकिन इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने कुछ बदलाव किए हैं। पिछले मैच में टीम ने कोई बदलाव नहीं किया था और उसे सफलता मिली थी। इस बार भी बदलाव की संभावना नजर नहीं आती है। अगर खिलाड़ी फिट रहे तो भारत उसी एकादश के साथ उतर सकता है जो वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने उतरी थी। ऐसे में रिंकू सिंह और कुलदीप यादव को फिर बाहर बैठना पड़ सकता है।