आशीष दास

कोण्डागांव । 07 सितम्बर को फरसगांव विकासखण्ड के आलोर झांटीबन स्थित माता लिंगेश्वरी देवी के साल में एक बार खुलने वाले मंदिर में द्वार खुलने के उपलक्ष्य पर मेले का आयोजन किया गया था। जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा मेले में शामिल होकर माता लिंगेश्वरी के मंदिर पहुंच दर्शन कर संतान प्राप्ति की कामना की गई। मेले की समाप्ति के उपरांत मंदिर एवं मेले के प्रांगण में चारो ओर हुई गंदगी को देखते हुए एसडीएम सीमा ठाकुर एवं जनपद सीईओ निकिता मरकाम द्वारा प्रशासन की ओर से पहल करते हुए मंदिर समिति के सदस्यों, महिला समूहों, ग्राम जनप्रतिनिधियों, पुलिसकर्मियों एवं ग्रामीणों को प्रोत्साहित कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसमें एसडीएम एवं जनपद सीईओ के साथ तहसीलदार उइस्यानी के मानकर ने भी झाडू उठाकर सफाई में सहयोग दिया। जिसे देखते हुए ग्रामीणों में भी उत्साह का संचार हुआ और सभी ने मिलकर मेले स्थल की सफाई करते हुए एकत्रित कचरे के निस्तारण किया ताकि इस पवित्र स्थल को स्वच्छ एवं सुंदर रखा जा सके।






