“जय बिहान” के संकल्प से आत्मनिर्भर बन रही गांव की बहनें : कीर्ति नायक

सेलूद एवं जामगांव आर में महतारी सदन का लोकार्पण एवं हस्तांतरण, लखपति दीदियों ने साझा की आत्मनिर्भरता की सफलता की कहानी

पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम पंचायत सेलूद एवं ग्राम पंचायत जामगांव आर में महतारी सदन के लोकार्पण एवं हस्तांतरण का कार्यक्रम सोमवार, 28 सितंबर 2026 को उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल रहे, जबकि अध्यक्षता जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने की। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, जिला पंचायत सभापति नीलम चंद्राकर एवं कल्पना नारद साहू, जनपद पंचायत पाटन उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती कीर्ति नायक ने “जय बिहान” के नारों के साथ कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए केवल एक भवन नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और आर्थिक आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के माध्यम से गांव की बहनों को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है। आज ग्रामीण महिलाएं समूहों के माध्यम से विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि “जब गांव की बहनें आत्मनिर्भर होंगी, तब परिवार के साथ पूरा गांव भी आत्मनिर्भर और सशक्त बनेगा।”

कार्यक्रम में लखपति दीदियों ने भी अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। समूह से जुड़ी महिलाओं ने मंच पर अपना परिचय देते हुए अपने-अपने कार्यों और आजीविका गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहान एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद उन्हें संगठित होकर काम करने, प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा अपनी आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का अवसर मिला। महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आज वे विभिन्न स्वरोजगार एवं समूह आधारित गतिविधियों के माध्यम से लाखों रुपये की आय अर्जित कर रही हैं और अपने परिवार के भरण-पोषण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि कभी जिन महिलाओं की आर्थिक निर्भरता परिवार पर थी, वे आज अपनी मेहनत और समूह की सामूहिक शक्ति के बल पर परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहभागी बन रही हैं।

सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। बिहान योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में लखपति दीदियों द्वारा साझा की गई सफलता की कहानियां इस बात का उदाहरण हैं कि संगठित होकर मेहनत करने और उचित मार्गदर्शन मिलने से ग्रामीण महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बदल सकती हैं। महतारी सदन महिलाओं को बैठक, प्रशिक्षण, संवाद और आजीविका गतिविधियों के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगा।

श्रीमती कीर्ति नायक ने इस अवसर पर महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि लखपति दीदियां आज गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा और आत्मविश्वास का स्रोत बन रही हैं। उन्होंने कहा कि एक महिला के आत्मनिर्भर बनने से उसका प्रभाव केवल उसके परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि आसपास की अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने क्षेत्र की बहनों से बिहान के माध्यम से जुड़कर अपनी क्षमता और प्रतिभा को आजीविका के नए अवसरों में बदलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत जामगांव के सरपंच रूपेंद्र शुक्ला, रामकुमार चंद्राकर, जनपद सदस्य प्रणव शर्मा, रवि सिन्हा, मनीष चंद्राकर, नारद साहू, रिंकू शर्मा, नरेश केला, बाबा वर्मा, भगवान चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं भाजपा पाटन मंडल अध्यक्ष रानी बन्छोर, ग्राम पंचायत सेलूद के सरपंच खिलेश मारकंडे, निवर्तमान सरपंच खेमिन खेमलाल साहू, शक्ति केंद्र सेलूद संयोजक महेश्वर बंछोर, बूथ अध्यक्ष क्रमांक 135 सेलर उमेश सिन्हा, उपसरपंच राकेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं विधानसभा क्षेत्र की बहनें उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। “जय बिहान” के नारों के बीच महतारी सदन का लोकार्पण एवं हस्तांतरण किया गया। सेलूद एवं जामगांव आर में महतारी सदन की उपलब्धता से अब महिला स्व-सहायता समूहों को बैठकों, प्रशिक्षण एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों के लिए एक व्यवस्थित और उपयोगी स्थान उपलब्ध होगा।