
भिलाई। छावनी थाना अंतर्गत महिला के आग से झुलसने का संदिग्ध मामला सामने आया है। मायके पक्ष और बेटे ने आरोप लगाया कि उसकी मां को आग के हवाले किया गया, जिसमें उसके दादा-दादी समेत पिता और बुआ भी शामिल थे। वहीं पुलिस को दिए बयान में महिला ने चाय बनाते समय पल्लू से जलने की बात कही है। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2008 में बिहार के नालंदा जिले की रहने वाली नीतू साव की शादी कैंप 1 शास्त्री नगर निवासी संतोष साव से हुई। दोनों को एक 15 साल का बेटा है। 3 अप्रैल को अचानक नीतू आग से जल गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे मेकाहारा रायपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने जब नीतू का बयान दर्ज किया तो उसने चाय बनाते समय अचानक साड़ी के पल्लू में आग लगने की बात कही। वहीं नीतू के परिजन बुधवार को बिहार से भिलाई
पहुंचे। उसके पिता अशोक साव ने छावनी थाने में आवेदन दिया है, जिसमें बताया कि 2 अप्रैल को नीतू मायके से ससुराल पहुंची। घर पहुंचते ही उसका पति संतोष, सास मुन्नी देवी, ससुर गोविंद साव और ननद सपना देवी ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया। मारपीट की। 3 अप्रैल को बेटी को आग लगाकर मारने का प्रयास किया गया। बेटे पवन कुमार ने मां को जलाने की बात कही। टीआई छावनी चेतन चंद्राकर ने बताया कि महिला ने चाय बनाते समय आग लगने का बयान दिया है।