आगरा : महिला ने नींद की गोलियां देकर पति को मारा, बाथरूम में गाड़ दी लाश, ऊपर रोज नहाती थी वो; पूरी कहानी

साभार अमर उजाला आगरा।उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां महिला ने पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया। उसके ऊपर से मिट्टी डालकर फर्श करा दिया। पति के शराब पीकर झगड़ा करने से तंग आकर महिला ने खीर में नींद की गोलियां मिलाई थीं। हत्याकांड का डेढ़ माह बाद खुलासा हुआ है।

आगरा के सिकंदरा के दहतोरा में महिला ने शराब पीकर झगड़ा करने से तंग आकर पति सुरेंद्र (44) की हत्या कर दी। इसके बाद शव बाथरूम में दफना दिया और मिस्त्री को बुलाकर फर्श बनवा दिया। पुलिस के अनुसार, खीर में 20 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर हत्या की गई। हत्या के डेढ़ माह बाद पुलिस बुधवार को एक पुराने मामले में सत्यापन के लिए सुरेंद्र के घर पहुंची तो पत्नी रूबी घबरा गई। शुक्रवार को उसने अपने जेठ अनिल को बुलाया और घटना की जानकारी दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फर्श खोदकर सुरेंद्र का कंकाल बरामद करते हुए रूबी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में अनिल ने बताया कि छोटा भाई सुरेंद्र कुछ काम नहीं करता था। रोज शराब पीने के कारण आए दिन पत्नी से उसका झगड़ा होता रहता था। 18 मई को रूबी ने फोन कर बुलाया और कहा कि पुलिस दबिश दे रही है, इसलिए मां और बच्चियों को अपने घर ले जाओ। घर पहुंचकर मां और भतीजियों को अपने घर ले आए। दूसरे दिन रूबी भी आ गई। बताया कि सुरेंद्र तीन हजार रुपये लेकर कहीं चले गए हैं। मोबाइल भी घर छोड़कर गए हैं। उन्हें उसकी बातों पर शक हुआ।

इसके बाद रूबी ने 26 मई को प्राची टावर चौकी पर जेठ के साथ पहुंचकर पति की गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस तलाश के लिए रेणुका धाम कॉलोनी भी पहुंची। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। पुलिस के आने पर रूबी रोने लगती थी। एक सप्ताह पहले अनिल के कहने पर रूबी अपने घर आ गई थी।

2017 में सुरेंद्र के खिलाफ ट्रक चोरी का मामला दर्ज हुआ था। बुधवार को पुलिस इस मामले में रूबी के घर सत्यापन के लिए पहुंची थी। सुरेंद्र के बारे में पूछने पर पत्नी ने लापता होने की जानकारी दी तो पुलिसकर्मियों ने रूबी के फोटो खींच लिए।इससे रूबी घबरा गई। उसे लगा कि पुलिस से किसी ने शिकायत कर दी है। शुक्रवार को उसने जेठ को फोन करके घर बुलाया और बताया कि पति को मारकर शव बाथरूम में दफना दिया है। इसके बाद अनिल ने पुलिस को सूचना दी।

आरोपी रूबी को जब पुलिस ने गिरफ्तार किया तो वह बार-बार बयान बदलने लगी। पहले उसने नींद की गोली देने की बात कही। फिर कहा कि पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घबराकर उसने शव को दफना दिया।कहा कि बाथरूम का फर्श कमरे के फर्श से दो से तीन फीट नीचे था, इसलिए शव को उसमें डाल दिया। इसके बाद मिट्टी लाकर डाल दी और मिस्त्री बुलाकर फर्श पक्की करवा दी। इससे किसी को शक नहीं हुआ। 

वह घर में भी आराम से रह रही थी। हालांकि, पुलिस को शक है कि घटना में कोई और भी शामिल हो सकता है। एक अकेला व्यक्ति इस पूरी घटना को अंजाम नहीं दे सकता। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम का फर्श खोदकर कंकाल बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली। आरोपी रूबी से पूछताछ की जा रही है।