पाटन।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायत अचानकपुर में बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “वजन त्यौहार” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छोटे बच्चों का वजन कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन किया गया।
इस अवसर पर हितग्राहियों को वजन त्यौहार के महत्व और नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार, पोषण और देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
सुपरवाइजर संध्या सिंह ने गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को स्वस्थ रहने के उपाय, संतुलित आहार लेने की आवश्यकता तथा बच्चों के सही लालन-पालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने माताओं को नियमित जांच, टीकाकरण और पोषण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर संध्या सिंह, हेमलता बंदा साहू, सरपंच देवानंद साहू, पंच मानसी साहू, ओम कुमारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से ग्राम में स्वास्थ्य जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।







