पाटन। थाना अमलेश्वर में मंगलवार को महिला कमांडो सम्मेलन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना क्षेत्र की करीब 125 महिला कमांडो शामिल हुईं। इस दौरान महिलाओं को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों, नशा मुक्ति अभियान तथा सामाजिक अपराधों की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, जिला सेनानी नगर सेना एवं आपदा मोचन बल के अधिकारी नागेंद्र सिंह, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) पाटन अनूप लकड़ा, यातायात निरीक्षक पी.डी. चंद्रा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान महिलाओं को पुलिस के ऑपरेशन विश्वास एवं पुलिस जन मित्र अभियान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों की शिकायत के लिए डायल 1930 तथा नशे से संबंधित शिकायतों एवं कार्रवाई के लिए डायल 1933 के महत्व से अवगत कराया गया।

मुख्य अतिथि शमशाद बेगम ने महिला कमांडो की भूमिका, उनके कर्तव्यों और दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं से हर परिस्थिति में पुलिस का सहयोग करने और अधिक से अधिक महिलाओं को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
वहीं नगर सेना की आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) टीम द्वारा महिलाओं को जीवन रक्षक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में डूबते व्यक्ति को बचाने के उपाय, गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में सुरक्षा उपाय, अग्निशमन यंत्र के उपयोग सहित आपदा प्रबंधन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
यातायात निरीक्षक पी.डी. चंद्रा ने महिलाओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, शराब सेवन के बाद वाहन न चलाने तथा ट्रैफिक सिग्नल एवं अन्य यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान महिला कमांडो में विशेष उत्साह और जागरूकता देखने को मिली। महिलाओं ने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने, नशा मुक्त समाज के निर्माण तथा महिला सशक्तिकरण के लिए पुलिस का हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में महिला कमांडो को टॉर्च, सीटी, टोपी एवं डंडा प्रदान कर उन्हें सुसज्जित किया गया। प्रशिक्षण एवं सम्मेलन का समापन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






