पाटन।
केंद्रीय बजट 2026 को लेकर महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन दुर्ग स्थित भाजपा कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर रहीं। उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 में महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोज़गार और आत्मनिर्भरता से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में श्रीमती ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बजट में महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास को प्राथमिकता दी गई है, जिससे देश की आधी आबादी को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि यह बजट नारी शक्ति को सशक्त बनाने वाला और विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में दुर्ग जिला भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर पाटन से जिला पंचायत दुर्ग की सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट महिलाओं के हित में संतुलित और दूरदर्शी है। उन्होंने बताया कि बजट में महिलाओं के लिए किए गए प्रावधान निश्चित रूप से उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगे और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।







