Women T20 world cup 2026.भारतीय महिला टीम ने नीदरलैंड को 95 रनों से हराकर महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपना विजयी अभियान जारी रखा है। इससे पहले टीम ने टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में पाकिस्तान को हराया था। बुधवार को लीड्स में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 209 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 17.3 ओवर में 114 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। भारत के लिए इस मैच में श्री चरणी ने चार विकेट लिए जबकि शेफाली वर्मा ने तीन विकेट झटके। वहीं, नंदनी शर्मा को दो और दीप्ति शर्मा को एक विकेट मिला।

भारत की पारी
इस मैच में भारत को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 70 गेंदों में 115 रन की साझेदारी की। शेफाली 38 गेंदों में 10 चौकों के साथ 55 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 47 रन जुटाए। मंधाना 47 गेंदों में एक छक्के और 11 चौकों के साथ 74 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। भारत को 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर दूसरा झटका लगा।
इसके बाद टीम ने 17.1 ओवर तक 168 के स्कोर पर अपना चार विकेट गंवा दिया। यहां से ऋचा घोष ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ पांचवें विकेट के लिए 15 गेंदों में 31 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।ऋचा आठ गेंदों में 20 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि कप्तान कौर ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। दीप्ति शर्मा ने 2 गेंदों में नाबाद 10 रन बनाए। विपक्षी खेमे से कैरोलिन डी लैंग ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए। आइरिस ज्विलिंग, हीथर सीगर्स और मर्थे वैन डेन राड को 1-1 विकेट हाथ लगा।
नीदरलैंड की पारी
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम 17.3 ओवरों में 114 रन पर सिमट गई। हीथर सीगर्स ने फीबे मोल्केनबोअर के साथ पहले विकेट के लिए 34 रन जोड़े। हीथर 16 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद कप्तान बैबेट डी लीडे ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की।
इस टीम को 96 के स्कोर पर कप्तान के रूप में चौथा झटका लगा। बैबेट 27 गेंदों में 28 रन बनाकर लौटीं, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया और टीम 114 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए श्री चरणी ने 19 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि शेफाली वर्मा ने 20 रन देकर तीन विकेट निकाले। नंदिनी शर्मा ने दो विकेट अपने नाम किए।
दीप्ति और श्री चरणी ने हासिल की बड़ी उपलब्धियां
इस मैच में दीप्ति शर्मा ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह झूलन गोस्वामी के साथ महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली संयुक्त रूप से पहली गेंदबाज बन गईं। अब दीप्ति के नाम 355 विकेट हो गए हैं। उनसे पहले यह कारानामा झूलन गोस्वामी ने किया था। वहीं, इस मैच में चार विकेट लेने वाली श्री चरणी नौवीं भारतीय गेंदबाज बन गईं, जिन्होंने महिला टी20 विश्व कप के एक मैच में चार विकेट झटके हैं।






