राजू वर्मा,सीजी मितान डेस्क,,विश्व हाथी दिवस 12 अगस्त पर ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के सामान्य वनमंडल महासमुंद में पदस्थ वनरक्षक दीपक शर्मा एवं गजयात्रा टीम को गज गौरव अवार्ड से सम्मानित किया गया। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे तथा ओडिशा के वन मंत्री प्रदीप कुमार अमत ने यह पुरस्कार प्रदान किया। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने इस उपलब्धि के लिए दीपक शर्मा तथा छत्तीसगढ़ की गज यात्रा टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।


बता दें कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक के निर्देशन पर गजयात्रा का शुभारंभ 8 अक्टूबर 2021 को किया गया था। गजयात्रा के माध्यम से प्रतिदिन 3 चरणों में ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित रहने के उपायों को बता कर जागरूक किया जा रहा है। अब तक लगभग 70 हजार लोगों को गजयात्रा के माध्यम से जागरूक किया जा चुका है। वनरक्षक दीपक ने टीम के साथ गांव-गांव जाकर, चौपाल लगाकर, प्रोजेक्टर में फिल्म दिखाकर एवं लोगो से चर्चा कर ग्रामीणों को हाथियों के व्यवहार एवं सुरक्षा के उपायों को समझाया। गजयात्रा की टीम द्वारा ग्रामीणों को उनकी सामान्य भाषा एवं शैली में गीतों और कहानियों के माध्यम से हाथियों के प्रति संवेदनशील बनाने का सफल प्रयास किया।
वनरक्षक दीपक शर्मा ने कहा कि गज गौरव पुरस्कार प्राप्त होने का श्रेय वनमंडल अधिकारी पंकज राजपूत को जाता है। उनके मार्गदर्शन में गजयात्रा की रूपरेखा तैयार की गई एवं नोडल अधिकारी विकास चंद्राकर के नेतृत्व में गजयात्रा सफल हो पाई है। गजयात्रा टीम में कमल नारायण यादव, भूपेंद्र दास, विवेकानंद क्षेत्रपाल, अमित दीवान, रंगवीर टंडन, भुवन साहू शामिल थे।
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में जंगली एशियाई हाथियों की सबसे बड़ी आबादी है और यह प्रजातियों के दीर्घकालिक संरक्षण के लिए मुख्य स्थान है। मंत्रालय ने पहली बार पूरे देश में हाथी रिजर्वों का प्रबंधन प्रभावशीलता एवं मूल्यांकन करने का काम शुरू किया है। पिछले दो वर्षों में देश में हाथी रिजर्व नेटवर्क 76508 वर्गकिमी से बढ़कर 80777 वर्गकिमी हो गया है, जिसमें 33 हाथी रिजर्व शामिल हैं।