पाटन।। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, मर्रा (पाटन) में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने तंबाकू निषेध विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए तथा अपने संदेशों के माध्यम से नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. ए. के. वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर सी. आर. नेताम एवं डॉ. ओ. पी. परगनिहा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार एवं भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. ए. के. वर्मा द्वारा सभी विद्यार्थियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न करने तथा समाज में इनके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
ईस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






