2025 अब बीते समय की बात हो चुकी है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम का वनडे विश्व कप खिताब यादों में दर्ज हैं, लेकिन क्रिकेट कभी रुकता नहीं। व्यस्त इंटरनेशनल सीजन के बाद अब फोकस महिला प्रीमियर लीग यानी डब्ल्यूपीएल पर शिफ्ट हो गया है, जो भारत में महिलाओं की प्रमुख टी20 लीग है।

यह लीग नौ जनवरी से पांच फरवरी तक नवी मुंबई और बड़ौदा में खेली जाएगी। चार हफ्तों तक 22 मैचों का हाई-वोल्टेज क्रिकेट देखने को मिलेगा। मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को खिताब जीतने का अनुभव है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स हर बार फाइनल तक पहुंचकर भी आखिरी कदम पर चूक गई है। यूपी वॉरियर्स और गुजरात जाएंट्स ने चमक दिखाई है, लेकिन अब भी ट्रॉफी के इंतजार में हैं।
पिछले तीन संस्करणों से अलग होगी वाइब
इस बार का सीजन पिछले तीन संस्करणों से अलग होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि भारतीय टीम की सफलता के बाद दर्शकों का उत्साह, स्टेडियम का माहौल और खिलाड़ियों की लोकप्रियता नए स्तर पर पहुंच चुकी है। हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा अब सिर्फ चेहरे नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आइकॉन बन चुकी हैं।
इस बार भारतीय महिला खिलाड़ी दबाव में नहीं, बल्कि कामयाबी के आत्मविश्वास के साथ उतरेंगी…एक विश्व चैंपियन के तौर पर उतरेंगी और उम्मीदों पर खरी उतरने के लिए पूरा दमखम लगाती दिखेंगी। 2007 टी20 विश्व कप जीत के बाद जिस तरह आईपीएल ने भारतीय पुरुष क्रिकेटरों की तकदीर बदल दी थी, कुछ वैसे ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम के चैंपियन बनने के बाद यह लीग अब खिलाड़ियों की कामयाबी में चार चांद लगाती दिखेगी।
WPL से टी20 विश्व कप की तैयारी भी
2026 में इंग्लैंड में महिला टी20 विश्व कप होना है, इसलिए महिला प्रीमियर लीग खिलाड़ियों के लिए तैयारी का मैदान भी बनेगा। यहां प्रदर्शन, स्किल्स और प्लानिंग सीधे विश्व कप कॉम्बिनेशन को प्रभावित करेगी।पिछले सीजन ने क्रांति गौड़, काश्वी गौतम और श्री चरणी जैसी नई प्रतिभाएं दीं और इस बार भी नए नाम सामने आने की पूरी उम्मीद है। इसलिए डब्ल्यूपीएल अब सिर्फ लीग नहीं, बल्कि भविष्य के क्रिकेटर तैयार करने की फैक्ट्री बन चुकी है।
कब और कहां देख सकेंगे महिला प्रीमियर लीग के मैच?
दोपहर वाले मैच भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे (3:30 PM IST) बजे शुरू होंगे, जबकि रात वाले मैच शाम साढ़े सात बजे (7:30 PM IST) शुरू होंगे। टॉस इससे आधे घंटे पहले होगा, यानी साढ़े तीन बजे शुरू होने वाले मैच का टॉस तीन बजे और शाम साढ़े सात बजे शुरू होने वाले मैच का टॉस सात बजे होगा।
पिछले सीजन्स के विजेता
मुंबई इंडियंस ने 2023 में खिताब जीता था, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2024 में चैंपियनशिप जीती थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि 2026 में कौन सी टीम ट्रॉफी पर कब्जा जमाती है। अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को एलिमिनेटर खेलना होगा।
सभी टीमें इस प्रकार हैं-
मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जी कमलिनी (विकेटकीपर), रहीला फिरदौस (विकेटकीपर), हेले मैथ्यूज़, अमनजोत कौर, एमीलिया केर, नैट शीवर-ब्रंट, निकोला कैरी, शबनिम इस्माइल, पूनम खेन्मार, मिली इलिंगवर्थ, एस सजाना, संस्कृति गुप्ता, सायका इशाक, क्रांति रेड्डी, त्रिवेणी वशिष्ठ।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: स्मृति मंधाना, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जॉर्जिया वॉल, गौतमी नाइक, ग्रेस हैरिस, नादिन डी क्लर्क, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, लॉरेन बेल, डी हेमलता, सयाली सतघरे (एलिस पेरी की जगह), प्रेमा रावत, लिन्सी स्मिथ, कुमार प्रत्युशा।
नोट: एलिस पेरी निजी कारणों से बाहर हुईं, सयाली सतघरे रिप्लेसमेंट।
दिल्ली कैपिटल्स: जेमिमा रॉड्रिग्स (कप्तान), तान्या भाटिया (विकेटकीपर), एम ममता (विकेटकीपर), एल वोल्वार्ट, शेफाली वर्मा, मरिजाने कैप, चिनेल हेनरी, लिजेल ली, एलाना किंग (एनाबेल सदरलैंड की जगह), लूसी हैमिल्टन, स्नेह राणा, मिन्नू मणी, श्री चरणी, दिया यादव, निक्की प्रसाद, नंदनी शर्मा।
नोट: एनाबेल सदरलैंड बाहर, उनकी जगह एलाना किंग शामिल।
यूपी वॉरियर्स: मेग लैनिंग (कप्तान), श्वेता सेहरावत (विकेटकीपर), शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), किरण नवगिरे, हरलीन देओल, फीबी लिचफील्ड, दीप्ति शर्मा, डिएंड्रा डॉटिन, सोफी एक्लेस्टोन, आशा सोभना जॉय, शिखा पांडे, क्रांति गौड़, प्रतिका रावल, सिमरन शेख, क्लो ट्रायोन, जी त्रिशा, सुमन मीणा, चार्ली नॉट।
नोट: महिला टी20 विश्व कप क्वालिफायर के लिए यूएसए टीम में चुने जाने के बाद तारा नॉरिस ने नाम वापस ले लिया। उनकी जगह चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया गया है।






