शिक्षा मंत्री से मिला यादव समाज प्रतिनिधिमंडल, निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण के लिए संसाधनों की मांग

दुर्ग। यादव संघ मित्र कल्याण मंडल जिला दुर्ग के महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुश्री चंचल यादव के नेतृत्व में रविवार 24 मई 2026 को शिक्षा मंत्री से उनके गंजपारा स्थित कार्यालय में यादव समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले दो वर्षों से यादव सांस्कृतिक भवन, वार्ड क्रमांक 24 आमदी वार्ड दुर्ग में यादव छात्र-छात्राओं को कक्षा 5वीं से 10वीं तक निःशुल्क ट्यूशन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने जानकारी दी कि विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं को यहां नियमित रूप से मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। वर्ष 2026 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने 60 प्रतिशत से लेकर 89 प्रतिशत तक अंक हासिल किए हैं।

यादव समाज के प्रतिनिधियों ने शिक्षा के आधुनिकीकरण को ध्यान में रखते हुए 10 कम्प्यूटर सेट, 2 प्रिंटर सेट, 2 कूलर एवं 4 सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध कराने की मांग शिक्षा मंत्री से की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन संसाधनों के माध्यम से गरीब एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ सर्व समाज के बच्चों को भी निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दुर्ग शहर के सभी समाज के इच्छुक छात्र-छात्राएं वार्ड क्रमांक 24 आमदी वार्ड स्थित यादव सांस्कृतिक भवन में पंजीयन कराकर निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।

इस दौरान शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को जल्द ही सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

मुलाकात के दौरान सुश्री चंचल यादव, सुश्री आरती यादव, सुश्री पूर्वांशी यादव, श्रीमती मंजूषा यादव, श्री गोविन्द लखन यादव, श्री राकेश यादव एवं श्री कमलेश यादव सहित यादव समाज के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।