पाटन। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पंचायत पाटन एवं जनपद पंचायत पाटन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ योग प्रशिक्षक मोहित शर्मा के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान के अभ्यास से हुआ। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योग की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपयोगिता से अवगत कराया तथा नियमित योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और संस्कारित जीवन जीने की भारतीय जीवनशैली है। आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है। हमें भी अपने परिवार और समाज में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना चाहिए।” उन्होंने कहा कि नियमित योग से व्यक्ति का आत्मविश्वास बढ़ता है, तनाव कम होता है और स्वस्थ समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है।
जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेंद्र कुमार जांगड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग स्वस्थ जीवन की सबसे प्रभावी पद्धति है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है तथा शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हमें अपनी इस गौरवशाली विरासत को अपनाने और जन-जन तक पहुंचाने की प्रेरणा देता है।
नगर पंचायत पाटन के मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमंत वर्मा ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच का आधार है। सभी नागरिकों को प्रतिदिन योग करने की आदत विकसित करनी चाहिए, ताकि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश वर्मा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निशा सोनी, सभापति श्रीमती नेहा बाबा वर्मा, सभापति श्री जितेंद्र निर्मल, सभापति श्री देवेंद्र ठाकुर, जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महेंद्र कुमार जांगड़े, नगर पंचायत पाटन के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री हेमंत वर्मा, शासकीय आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय पाटन की प्राचार्य, वरिष्ठ पत्रकार श्री बलराम यादव सहित नगर पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पाटन मंडल के मंडल अध्यक्ष श्री रानी केशव बंछोर, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बाबा वर्मा, श्री घनश्याम सोनी, श्री दामोदर चक्रधारी, श्री बब्बू भाले, श्री केवलचंद देवांगन, नगर पंचायत के सभापतिगण, पार्षदगण तथा नगर के गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने नियमित योग करने तथा योग के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक एवं समृद्ध समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।






