युवक की  डंडे से पीट-पीटकर हत्या, 4 हिरासत में, आपसी रंजिश का मामला बताया जा रहा

भिलाई। छावनी थाना अंतर्गत युवक की आपसी रंजिश के चलते पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक शाहजहांपुर यूपी निवासी विपिन राठौर (38 वर्ष) बताया गया है। घटना शनिवार रात की है। यूपी से भिलाई में पेठा बनाने का व्यवसाय करने आए एक युवक की उसी के साथियों ने जमकर पिटाई की। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे सुपेला अस्पताल में भर्ती करके भाग, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है।

छावनी सीएसपी आशीष बंछोर ने बताया कि विपिन वर्ष 2009 से भिलाई आया था। जबकि परिवार के बाकी लोग पत्नी और उसके तीन बच्चे गांव में ही रहते हैं। यहां रहकर पेठा बनाकर बेचने का काम करता था। इस काम के लिए अपने साथ गांव के कुछ युवकों को लाया था। भिलाई के कैंप 2 मिलन चौक के पास किराए का कमरा लेकर रहा रहा था। सभी लोग वहां पेठा बनाकर बेचने का काम करते थे। शनिवार रात अचानक उनके बीच आपस में झगड़ा हो गया। सभी लोगों ने मिलकर विपिन को हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट करके उसे अधमरा कर दिया। इसके बाद उन्हीं लोगों ने उसे सुपेला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के पुलिस में शिकायत करने की पूछने पर सभी लोग मौके से फरार हो गए। वहीं, गंभीर हालत में भर्ती विपिन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।