कोंडागांव के फरसगांव में बंद कमरे से 40 वर्षीय विजय सेठिया का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। कलाई पर गहरा कट और कमरे में खून मिला। पुलिस जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

फरसगांव। कोंडागांव जिले के फरसगांव नगर के वार्ड क्रमांक-4 में मंगलवार शाम एक 40 वर्षीय युवक का शव उसके घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विजय सेठिया (40), पिता दीनबंधु सेठिया के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, विजय सोमवार रात से अपने कमरे में था। मंगलवार सुबह परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम पर चले गए। शाम करीब 6 बजे जब वे घर लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।

बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा मिला विजय सेठिया
कमरे के भीतर विजय सेठिया बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा था। उसके हाथ की कलाई के पास गहरा कट का निशान था, जिससे काफी खून बह चुका था। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था और सामने रखी टेबल पर एक ब्लेड भी मिला। घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस शाम करीब 7 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।






