पाटन। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर युवा कांग्रेस जामगांव एम के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मोटरसाइकिल तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। रैली पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित चंद्राकर के नेतृत्व में निकाली गई।

सुबह 11 बजे बाजार चौक स्थित चंदुलाल चंद्राकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद रैली का शुभारंभ हुआ। रैली में करीब 200 मोटरसाइकिलों पर लगभग 400 युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारों के साथ रैली निकाली।

रैली जामगांव एम से तर्रा, फुंडा चौक होते हुए पाटन पहुंची, जहां नगर भ्रमण के बाद स्वामी आत्मानंद चौक पर रैली का समापन किया गया। इस दौरान युवाओं में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह नजर आया।







