पाटन। पाटन विधानसभा की सियासत में इन दिनों दक्षिण पाटन क्षेत्र के ग्राम कुर्मीगुंडरा निवासी कांग्रेस नेता पूर्व सचिव जामगांव आर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं मनवा कुर्मी समाज के अध्यक्ष युगल किशोर आडील की जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल के साथ बढ़ती नजदीकियां चर्चा का विषय बनी हुई हैं। हाल के कुछ आयोजनों में दोनों नेताओं की नजर आने वाली नजदीकी ने क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पाटन खंड द्वारा आयोजित जबर आठे तिहार कार्यक्रम में युगल किशोर आडील की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान उन्हें कुर्मी समाज के राज प्रधान के रूप में मंच से सम्मानित भी किया गया।

खास बात यह रही कि कार्यक्रम के दौरान अमित बघेल कार्यकर्ताओं के बीच जमीन पर बैठे थे और उनके ठीक पास युगल किशोर आडील भी बैठे नजर आए। दोनों के बीच कार्यक्रम के दौरान समय-समय पर चर्चा भी होती रही। राजनीतिक जानकारों के लिए यह दृश्य इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि आडील की पहचान क्षेत्र में कांग्रेस नेता के रूप में रही है।

जल सत्याग्रह में भी दिखी थी नजदीकी
युगल किशोर आडील के नेतृत्व में कुर्मीगुंडरा में आयोजित जल सत्याग्रह के दौरान भी जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना से जुड़े प्रमुख लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया था। इसके अलावा मजदूरों की मांगों को लेकर जनकल्याण समिति द्वारा पाटन में किए गए धरना-प्रदर्शन में भी इन संगठनों से जुड़े लोगों की मौजूदगी देखने को मिली थी।
लगातार अलग-अलग सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर एक साथ नजर आ रहे नेताओं को लेकर अब पाटन की राजनीति में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इन मुलाकातों और कार्यक्रमों की मौजूदगी को राजनीतिक समीकरण से जोड़कर देखना अभी जल्दबाजी होगी।
आडील बोले—सम्मान के नाते कार्यक्रम में हुआ शामिल
वहीं इस पूरे मामले को लेकर युगल किशोर आडील ने किसी भी राजनीतिक नजदीकी से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्हें कुर्मी समाज के राज प्रधान के रूप में कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था, इसलिए वे कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदगी को राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। आडील ने यह भी स्पष्ट किया कि वे आगे भी मजदूरों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
फिलहाल, युगल आडील और अमित बघेल की बढ़ती सार्वजनिक नजदीकी महज सामाजिक गतिविधियों तक सीमित है या इसके पीछे पाटन की राजनीति में कोई नया समीकरण आकार ले रहा है, यह आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन इतना जरूर है कि दोनों की साथ नजर आ रही तस्वीरों और कार्यक्रमों में सक्रियता ने पाटन के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है।






