आर.सी.सी. रपटा का निर्माण गुणवत्ता युक्त कराये जाने की मांग


पंडरिया।नगर पालिका के वार्ड क्र. 11 में निर्माणाधीन आरसीसी रपटा निर्माण को गुणवत्ता युक्त कराने की मांग पार्षद अनुराग ठाकुर द्वारा विधायक से की गई है।

उन्होंने बताया कि नगर पालिका पण्डरिया में ठेकेदार द्वारा आर.सी.सी. रपटा का निर्माण कराया जा रहा है जिसकी बेसिक गहराई निर्धारित मापदण्ड से कम है। साथ ही जहां बेस डाला जा रहा है,वहां पानी भरा हुआ है तथा पानी के नीचे काफी गहराई तक है।साथ ही कीचड़ युक्त है ,जिसमें बेस मजबूत नहीं होगा।उन्होंने दिए आवेदन में उल्लेख किया है कि नियमानुसार कीचड़ और पानी को हटाकर बेस डाला जाना चाहिये था,किंतु ऐसा नहीं किया जा रहा है। साथ ही निर्माण कार्य में उपयोग किये जा रहे मटेरियल भी गुणवत्ता युक्त नहीं है। जिससे उक्त आर.सी.सी. रपटा के कमजोर बनने की संभावना है। उक्त रपटा भ्रष्टाचार की भेंट न चढ़ जाए, इसलिये इसके निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उक्त रपटा से वाहन के साथ आम जन का आवागमन अनवरत होते रहता है।साथ ही बरसात में बांध के उलट से आये पानी लगातार बहते रहता है।उन्होंने आर.सी.सी. रपटा के उपयोग एवं महत्व को दृष्टिगत रखते हुए वर्तमान तक किये गये कार्य एवं गुणवत्ता की जांच कर गुणवत्ता युक्त एवं निर्धारित प्राक्क्लन (स्टीमेट) के अनुसार निर्माण कराये जाने की मांग पंडरिया विधायक भावना बोहरा से की है।