आनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर तरीघाट (पाटन)के किसान हुए  ठगी के शिकार, 31.50 लाख रुपए गंवाए, ठग के झांसे में आए किसान, पाटन थाना में मामला दर्ज

पाटन।  पाटन क्षेत्र के ग्राम तरीघाट के किसान खिलेश्वर सिन्हा ने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के लालच में अपनी 31 लाख 50 हजार रुपए की जमा-पूंजी गंवा दी। ठग ने खेती के साथ ट्रेडिंग से बड़ा मुनाफा होने का झांसा देकर उसे जाल में फंसा लिया। मामले की शिकायत पर पाटन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।

पाटन टीआई अनिल साहू के मुताबिक 18 अगस्त को पीड़ित ने यूट्यूब से जानकारी लेने के बाद ठग द्वारा बनाए गए ’47 एसबीएसबीएल कम्युनिटी’ नामक वाट्सऐप ग्रुप को जॉइन किया, जहां उन्हें लाभ देने वाले स्टॉक खरीदने की सलाह दी जाती थी। ग्रुप एडमिन अंकुश सुरेश जैन ने उसे ‘श्री बाहुबली ब्रोकरेज फर्म’ नामक ऐप से ट्रेडिंग करने की सलाह दी। भरोसा करते हुए किसान

ने ऐप के माध्यम से 31.50 लाख रुपए इनवेस्ट कर दिए। जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो ऐप ने निकासी रोक दी। पूछने पर एडमिन ने ‘प्रॉफिट कॉम्पीटिशन’ का बहाना बनाया और उल्टा और निवेश करने का दबाव डालने लगा। बार-बार प्रयासों के बाद भी रकम न मिलने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।

ठग ने फर्जी ऐप इंस्टॉल करवाकर उड़ाई पूरी रक रकम

टीआई ने बताया कि आरोपी ने पीड़ित के मोबाइल में फर्जी ट्रेडिंग ऐप इंस्टॉल कराया था, जिसके जरिए पूरी राशि हड़प ली गई। पीड़ित पहले ही साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।