द्वारिका साहू ने सरकार परआरोप लगाया किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप, पटवारियों की मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालने की मांग

उतई। दुर्ग ग्रामीण के प्रवक्ता द्वारिका साहू ने पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पटवारियों की हड़ताल के कारण प्रदेश में राजस्व व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलनरत पटवारियों की जायज मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालने के बजाय उन्हें निलंबित करने की कार्रवाई कर रही है।साहू ने कहा कि प्रदेश में सैकड़ों पटवारियों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं, काम पर वापस नहीं लौटने की स्थिति में सेवा समाप्त करने की चेतावनी भी दी जा रही है। उन्होंने सरकार के इस रवैये को लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत बताते हुए कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत और आपसी सहमति से निकाला जाना चाहिए, न कि दमनात्मक कार्रवाई से।
उन्होंने कहा कि पटवारियों की हड़ताल का असर आगामी धान खरीदी की तैयारियों पर भी पड़ रहा है। प्रदेश के हजारों किसानों की जमीन का रकबा राजस्व रिकॉर्ड और संबंधित सॉफ्टवेयर में प्रदर्शित नहीं हो रहा है। ऐसे में किसान अपनी जमीन के रकबे में सुधार एवं संशोधन नहीं करा पा रहे हैं। इसके चलते धान खरीदी के समय किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

द्वारिका साहू ने आरोप लगाया कि सरकार पटवारियों की हड़ताल समाप्त कराने के लिए गंभीर प्रयास नहीं कर रही है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो प्रदेश के अनेक किसान धान बेचने से वंचित हो सकते हैं।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पटवारियों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक बातचीत की जाए, निलंबन एवं सेवा समाप्ति जैसी कार्रवाई पर पुनर्विचार किया जाए तथा राजस्व संबंधी कार्यों को शीघ्र सुचारु कराया जाए, ताकि किसानों को धान खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।






