पुरानी रंजिश में टंगिया से वार कर युवक की हत्या, 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा।बेमेतरा जिले के चंदनू थाना क्षेत्र के ग्राम भदराली में पुरानी आपसी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। मामूली विवाद के बाद 62 वर्षीय व्यक्ति ने गांव के ही एक युवक पर धारदार टंगिया से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम भदराली निवासी तरुण चौहान (30) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे तिरैया चौक स्थित घनश्याम बंजारे की बंद दुकान के सामने कन्हैया उर्फ मुन्ना बंजारे और बउवा चतुर्वेदी के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो रहा था। दोनों के बीच कहासुनी और गाली गलौज के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि बउवा चतुर्वेदी अपने घर गया और वहां से धारदार टंगिया लेकर लौट आया।

आरोप है कि बउवा ने कन्हैया को जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी गर्दन के पीछे लगातार तीन से चार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कन्हैया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही चंदनू पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का ने बताया कि विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।

पूछताछ के दौरान आरोपी बउवा चतुर्वेदी (62) ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टंगिया और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए। आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।